वर्ल्ड अपडेट्स:अफगान तालिबान का आरोप- पाकिस्तान ने कंधार एयरपोर्ट के पास फ्यूल डिपो पर बमबारी की

Mar 13, 2026 - 12:02
 0  0
वर्ल्ड अपडेट्स:अफगान तालिबान का आरोप- पाकिस्तान ने कंधार एयरपोर्ट के पास फ्यूल डिपो पर बमबारी की
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अफगान तालिबान का दावा है कि पाकिस्तान ने कंधार एयरपोर्ट के पास एक एयरलाइन के फ्यूल डिपो पर बमबारी की है। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के मुताबिक, यह हमला प्राइवेट एयरलाइन 'काम एयर' के फ्यूल डिपो पर किया गया, जो सिविलियन विमानों और UN के विमानों को भी फ्यूल सप्लाई करता है। तालिबान ने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने अन्य जगहों, जिनमें राजधानी काबुल भी शामिल है पर बमबारी की। इन हमलों में महिलाओं और बच्चों के मारे जाने की भी बात कही गई है। दोनों देशों के बीच संघर्ष पिछले महीने शुरू हुआ था, जब पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में एयर स्ट्राइक की थी। पाकिस्तान का कहना था कि यह हमले आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए थे, जबकि अफगानिस्तान ने इसे अपनी संप्रभुता का उल्लंघन बताया था। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें केन्या एयरपोर्ट पर 2,000 से ज्यादा ‘क्वीन चींटियां’ तस्करी करते पकड़ा गया चीनी नागरिक केन्या के एक एयरपोर्ट पर एक चीनी नागरिक को हजारों जिंदा 'क्वीन चींटियों' की तस्करी करते हुए पकड़ा गया है। आरोपी के पास से 2,000 से ज्यादा चींटियां मिली हैं। जानकारी के मुताबिक आरोपी झांग केकुन को जोमो केन्याटा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान गिरफ्तार किया गया। उसके बैग की तलाशी लेने पर बड़ी संख्या में जिंदा चींटियां बरामद हुईं, जिन्हें वह चीन ले जाने की कोशिश कर रहा था। अधिकारियों ने बताया कि करीब 1,948 क्वीन चींटियां टेस्ट ट्यूब में पैक की गई थीं, जबकि लगभग 300 चींटियां टिश्यू पेपर के रोल के अंदर छिपाकर रखी गई थीं। ये चींटियां ‘मेसर सेफालोट्स’ नाम की प्रजाति की हैं, जो अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता नियमों के तहत संरक्षित मानी जाती हैं। केन्या वेलफेयर सर्विस के मुताबिक यूरोप और एशिया के कुछ देशों में इन चींटियों को एक्सोटिक पालतू के रूप में रखने का चलन बढ़ रहा है, इसलिए इनकी तस्करी के मामले भी सामने आ रहे हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि यह मामला किसी अंतरराष्ट्रीय चींटी तस्करी नेटवर्क से भी जुड़ा हो सकता है। फिलहाल कोर्ट ने आरोपी को 5 दिन की हिरासत में भेज दिया है, ताकि उसके फोन और लैपटॉप की जांच की जा सके और पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। अमेरिका में भारतीय मूल के दो भाइयों को 835 साल तक की सजा, मेडिकल घोटाले में दोषी अमेरिका में भारतीय मूल के दो भाइयों को धोखाधड़ी के मामले में 835 साल जेल की सजा सुनाई गई है। अमेरिका के पेनसिल्वेनिया के रहने वाले भास्कर सवानी और अरुण सवानी पर आरोप है कि उन्होंने हेल्थकेयर और H-1B वीजा से जुड़े कई घोटाले किए। मामले में उनकी सहयोगी अलेक्जेंड्रा ओला राडोमिक भी दोषी पाई गई हैं। अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट के मुताबिक दोनों भाइयों ने करीब 10 साल तक कंपनियों और डेंटल क्लीनिक का नेटवर्क बनाकर धोखाधड़ी की। उन्होंने ‘मेडिकेड’ से 3 करोड़ डॉलर (करीब 250 करोड़ रुपए) से ज्यादा की ठगी की और ऐसे इलाज के बिल भी लगाए जो किए ही नहीं गए थे। आरोप है कि उन्होंने बिना मंजूरी वाले डेंटल इम्प्लांट भी लगाए। साथ ही H-1B वीजा के जरिए विदेशों, खासकर भारत से कर्मचारियों को बुलाने के लिए फर्जी आवेदन किए और कई कर्मचारियों से सैलरी का हिस्सा वापस लेने के लिए दबाव डाला।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0