गुजरात के इतिहास में पहली बार ₹5.85 करोड़ मूल्य का कोबरा सांप का जहर जब्त, SOG ने 7 आरोपियों को दबोचा, रेव पार्टी में इस्तेमाल का खुलासा
सूरत शहर की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने एक बड़ी कार्रवाई में गुजरात के इतिहास में पहली बार ₹5.85 करोड़ की अनुमानित कीमत वाला प्रतिबंधित कोबरा सांप का जहर (वेनम) जब्त किया है। इस ऑपरेशन में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह जहर लगभग 6.5 मिलीलीटर मात्रा में था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹90 लाख प्रति मिलीलीटर आंकी जाती है।
SOG को गुप्त सूचना मिली थी कि सूरत में एक चालाक गिरोह कोबरा सांप के जहर की तस्करी कर रहा है और करोड़ों रुपये का सौदा फाइनल होने वाला है। सूचना के आधार पर SOG ने डमी खरीदार बनाकर ट्रैप लगाया। आरोपियों ने सरथाना इलाके में "पटेल लाइफ पार्टनर" मैरिज ब्यूरो ऑफिस में सौदा करने के लिए इकट्ठा होने की योजना बनाई थी।
SOG की टीमों ने छापेमारी कर सभी 7 आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
मनसुखभाई अंबाभाई घीनैया (67 वर्ष, सूरत)
चिमनभाई छगनभाई भुवा (60 वर्ष, सूरत)
समीर जयंतिलाल पंचाल (41 वर्ष, वडोदरा)
प्रवीण कांतिलाल शाह (74 वर्ष, वडोदरा)
केतनभाई चितरंजनभाई शाह (50 वर्ष, वडोदरा)
मकरंदभाई श्रीकांतभाई कुलकर्णी (54 वर्ष, वडोदरा)
प्रशांत राजेशभाई शाह (40 वर्ष, वडोदरा)
जांच में पता चला कि यह जहर अहमदाबाद के घनश्याम सोनी नामक व्यक्ति ने आरोपियों को सप्लाई किया था, जो मुख्य सूत्रधार है और फिलहाल फरार है। सौदा ₹9.10 करोड़ तक फाइनल हुआ था।
सांप के जहर के उपयोग
कानूनी और नियंत्रित तरीके से सांप का जहर ब्लड प्रेशर की दवाएं, ब्लड क्लॉटिंग की दवाएं, हार्ट अटैक रोकथाम, एंटी-वेनम (सांप काटने की दवा) और कैंसर रिसर्च में इस्तेमाल होता है।
लेकिन गैरकानूनी रूप से इसका नशे के लिए दुरुपयोग होता है, खासकर रेव पार्टियों में युवा इसे नशे के तौर पर लेते हैं। कुछ जगहों पर "स्नेक बाइट" जैसे खतरनाक कृत्य भी कराए जाते हैं, जो जानलेवा हैं।
SOG के DCP राजदीपसिंह नकुम ने कहा कि इस कार्रवाई से वन्यजीव तस्करी के खिलाफ सख्त संदेश दिया गया है। यह गुजरात में अब तक की सबसे बड़ी ऐसी बरामदगी है, जिससे एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।
पुलिस ने सभी माल जब्त कर कानूनी कब्जे में लिया है और आगे की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0