वर्ल्ड अपडेट्स:अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस की पत्नी उषा चौथी बार प्रेग्नेंट: जुलाई के अंत में बेटे को जन्म देंगी

Jan 21, 2026 - 09:54
 0  2
वर्ल्ड अपडेट्स:अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस की पत्नी उषा चौथी बार प्रेग्नेंट: जुलाई के अंत में बेटे को जन्म देंगी
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की पत्नी और सेकेंड लेडी उषा वेंस चौथी बार मां बनने वाली हैं। दंपती ने बताया है कि उषा वेंस जुलाई के अंत में एक बेटे को जन्म देंगी। जेडी वेंस और उषा वेंस ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा कि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और पूरा परिवार इस खुशखबरी को लेकर उत्साहित है। जेडी वेंस और उषा वेंस ने बयान में कहा, हम यह खबर साझा करते हुए बहुत खुश हैं कि उषा हमारे चौथे बच्चे, एक बेटे, के साथ गर्भवती हैं। उषा और बच्चा दोनों ठीक हैं और हम जुलाई के अंत में उसका स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। दंपती ने इस दौरान अमेरिकी सेना के डॉक्टरों और स्टाफ का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ये लोग उनके परिवार की बेहतरीन देखभाल करते हैं और उन्हें देश की सेवा के साथ-साथ बच्चों के साथ अच्छा पारिवारिक जीवन जीने में मदद करते हैं। उषा वेंस की उम्र 40 साल और जेडी वेंस की उम्र 41 साल है। दोनों की मुलाकात येल लॉ स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। उनके पहले से तीन बच्चे इवान (8), विवेक (5) और मिराबेल (4) हैं। उषा वेंस पेशे से लिटिगेटर हैं। वे अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जॉन जी. रॉबर्ट्स और डीसी सर्किट कोर्ट ऑफ अपील्स में रहे जज ब्रेट कैवनॉ के लिए क्लर्क रह चुकी हैं। उन्होंने येल यूनिवर्सिटी से बैचलर और यूनिवर्सिटी ऑफ कैंब्रिज से मास्टर डिग्री हासिल की है, जहां वे गेट्स कैंब्रिज स्कॉलर भी रही हैं। उषा वेंस के माता-पिता कृष्ण चिलुकुरी और लक्ष्मी चिलुकुरी 1970 के दशक के अंत में भारत से अमेरिका गए थे। कृष्ण चिलुकुरी सैन डिएगो स्टेट यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में एयरोस्पेस डिपार्टमेंट में लेक्चरर हैं। वहीं, लक्ष्मी चिलुकुरी यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, सैन डिएगो में मॉलिक्यूलर बायोलॉजी डिपार्टमेंट में टीचिंग प्रोफेसर और सिक्स्थ कॉलेज की प्रोवोस्ट हैं। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… अमेरिका ने वेनेजुएला से तेल ले जा रहा 7वां टैंकर पकड़ा, हांगकांग की कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड था अमेरिकाने वेनेजुएला से तेल ले जा रहे एक और प्रतिबंधित ऑयल टैंकर पर कब्जा कर लिया है। यह ट्रम्प प्रशासन के दौरान पकड़ा गया सातवां टैंकर है। अमेरिकी साउदर्न कमांड के मुताबिक, मोटर वेसल सगीट्टा को बिना किसी नुकसान के अपने नियंत्रण में लिया गया। कमांड ने कहा कि यह जहाज राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा घोषित कैरेबियन क्षेत्र की ‘क्वारंटीन’ का उल्लंघन कर रहा था। सगीट्टा लाइबेरिया-ध्वज वाला टैंकर है, जो हांगकांग की एक कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड है। अमेरिकी ट्रेजरी डिपार्टमेंट ने इसे रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़े एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर के तहत प्रतिबंधित किया था। यह कार्रवाई 3 जनवरी को वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाए जाने के बाद तेज हुई अमेरिकी मुहिम का हिस्सा बताई जा रही है। जानकारी एसोसिएटेड प्रेस (AP) ने दी है। ट्रम्प बोले- ईरान ने मेरी हत्या की तो अमेरिका उसे तबाह कर देगा; ईरान ने पलटवार की चेतावनी दी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अगर ईरान उनकी हत्या करता है, तो अमेरिका ईरान को पूरी तरह तबाह कर देगा। उन्होंने यह बयान मंगलवार को दिए एक टीवी इंटरव्यू में दिया। AP की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने पहले ही अधिकारियों को इस बारे में साफ निर्देश दे दिए हैं। अगर उनके साथ कुछ भी होता है, तो ईरान को धरती से मिटा दिया जाएगा। इस बयान के कुछ ही घंटों बाद ईरान की तरफ से भी कड़ा जवाब आया। ईरान के सैन्य प्रवक्ता जनरल अबोलफजल शेकर्ची ने ट्रम्प को चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के खिलाफ कोई भी कदम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शेकर्ची ने कहा, ट्रम्प जानता है कि अगर हमारे नेता की ओर आक्रामक हाथ बढ़ाया गया, तो हम न सिर्फ उस हाथ को काट देंगे, बल्कि उनकी पूरी दुनिया को आग में झोंक देंगे। यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कुछ दिन पहले ही ट्रम्प ने ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई के करीब 40 साल पुराने शासन को खत्म करने की बात कही थी। अमेरिकी वित्त मंत्री बोले- रूसी तेल खरीदने वाले देशों पर 500% टैरिफ की तैयारी, भारत ने टैरिफ के बाद आयात घटाया अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने रूस से तेल आयात करने वाले देशों पर 500 फीसदी तक टैरिफ लगाने की बात दोहराई है। उन्होंने भारत को लेकर कहा कि 25 फीसदी अमेरिकी टैरिफ लगाए जाने के बाद भारत ने रूस से तेल खरीद में कटौती की है। हालांकि, इस दावे के समर्थन में उन्होंने किसी आधिकारिक आंकड़े का हवाला नहीं दिया। दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) स्कॉट बेसेंट ने कहा कि रूस पर दबाव बढ़ाने के लिए अमेरिका कुछ देशों पर 500 फीसदी तक टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने बताया कि सीनेटर लिंडसे ग्राहम द्वारा पेश रूस प्रतिबंध विधेयक को पास कराने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा। बेसेंट ने चीन को सीधे तौर पर निशाने पर लेते हुए कहा कि अमेरिका चीन पर भी 500 फीसदी टैरिफ लगाने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। वहीं, वाइट हाउस के अधिकारियों ने यूरोप को भी रूस से तेल खरीदने वाला बताते हुए चेतावनी दी है। बेसेंट ने कहा, “यूरोप आज रूस से तेल खरीद रहा है। आने वाले वर्षों में ऐसा हो सकता है कि यूरोप उसी देश के खिलाफ युद्ध लड़े, जिसकी वह अभी आर्थिक मदद कर रहा है।” ग्रीनलैंड का फ्यूचर तय करने स्विट्जरलैंड पहुंचेंगे ट्रम्प:दावोस के मंच से दुनिया को संबोधित करेंगे, 7 भारतीय उद्योगपतियों से मुलाकात संभव अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प आज वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) 2026 में शामिल होने स्विट्जरलैंड के दावोस पहुंचेंगे। वे आज ग्रीनलैंड का भविष्य तय करने के एजेंडे के साथ बुधवार शाम करीब 7 बजे दुनिया को संबोधित करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रम्प का यह भाषण ऐसे वक्त पर हो रहा है जब दुनिया भर में राजनीतिक तनाव, व्यापार युद्ध और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे तेजी से गहराते जा रहे हैं। यही वजह है कि दावोस में ट्रम्प की मौजूदगी और उनके हर बयान पर पूरी दुनिया की नजर टिकी हुई है। डोनाल्ड ट्रम्प WEF में भाषण देने के बाद एक खास उच्चस्तरीय कार्यक्रम की मेजबानी भी करेंगे। इस कार्यक्रम में भारत के 7 बड़े कारोबारी नेताओं को आमंत्रित किया गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0