MP-यूपी और राजस्थान में बारिश के साथ ओले गिरे:उत्तराखंड में बर्फबारी, 8 जिलों में स्कूल बंद; सोनमर्ग में एवलांच, कई रिसॉर्ट बर्फ में दबे
देश के उत्तर-पश्चिमी राज्यों, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों में स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है। इसके कारण मंगलवार से बारिश का दौर शुरू हो गया है। यूपी, राजस्थान, मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। राजस्थान में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। MP के ग्वालियर-शिवपुरी में 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। यूपी में भीषण सर्दी और बरसात के कारण संभल में 8वीं तक और सिद्धार्थनगर में 12वीं तक के स्कूल आज बंद हैं। राज्य के 29 जिलों में आज भी ओले और बारिश का अलर्ट है। इधर, उत्तराखंड के कई जिलों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन बर्फबारी हो रही है। चकराता और औली में सड़कों पर 2 फीट तक बर्फ जम गई है। खराब मौसम को देखते हुए 8 जिलों में 12 कक्षा तक स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग में मंगलवार रात एवलांच आया। इससे कई होटल बर्फ में दब गए। घटना CCTV में कैद हुई। इसमें दिखा कि होटलों के पीछे से अचानक बर्फ का सैलाब आया और बिल्डिंग्स बर्फ में दब गईं। बचाव टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया है। अभी तक किसी के हताहत की खबर नहीं है। देशभर में मौसम की तस्वीरें... पहाड़ी राज्यों बर्फबारी जारी राज्यवार मौसम की खबरें... मध्य प्रदेश : भोपाल-उज्जैन सहित 20 जिलों में बारिश, कई जगह ओले गिरे; आज भी बारिश का अलर्ट, ग्वालियर में 8वीं तक स्कूलों में छुट्टी मध्य प्रदेश में बुधवार को भी आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। राज्य के 14 जिलों में अलर्ट है। इनमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सागर और दमोह शामिल हैं। इससे पहले मंगलवार देर रात 20 से ज्यादा जिलों में झमाझम बारिश हुई। गुना, उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर में ओले भी गिरे। बारिश के बाद सर्दी बढ़ गई है। ग्वालियर में आज कक्षा 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। पूरी खबर पढ़ें... राजस्थान : 9 जिलों में ओले गिरे, सीकर-कोटा में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत; 31 जनवरी से फिर बारिश-आंधी राजस्थान में मंगलवार देर शाम 9 जिलों में ओले गिरे। जयपुर सहित 13 जिलों में सिर्फ बारिश हुई। सीकर और कोटा में दो लोगों की बिजली गिरने से मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में बुधवार को भी बारिश हो सकती है। इससे तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट होगी। राज्य में 31 जनवरी से बारिश और आंधी का दौर फिर से शुरू होने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें... उत्तराखंड : लगातार दूसरे दिन बारिश-बर्फबारी जारी, 8 जिलों के स्कूलों में छुट्टी; हरिद्वार में ओले गिरे, बिजली सप्लाई ठप उत्तराखंड के सभी जिलों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन बारिश या बर्फबारी जारी है। रुद्रप्रयाग और चमोली में मंगलवार से बारिश हो रही है। हरिद्वार में ओले भी गिरे। वहीं, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और देहरादून जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। चकराता और औली में 2 फीट तक बर्फ जम गई है। खराब मौसम को देखते हुए 8 जिलों में 12 कक्षा तक स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। पूरी खबर पढ़ें... उत्तर प्रदेश : लखनऊ-अयोध्या में तेज बारिश, संभल-सिद्धार्थनगर में स्कूल बंद; 29 जिलों में आंधी-बारिश के साथ ओले का अलर्ट यूपी में एक बार फिर मौसम बदल गया है। मंगलवार को 15 जिलों में बारिश हुई। इनमें 8 जिलों में ओले गिरे। लखनऊ में कल शाम से रुक-रुककर बारिश हो रही है। अयोध्या, गोंडा और हाथरस में भी तेज बरसात हुई है। सर्दी और बरसात के चलते संभल में 8वीं तक और सिद्धार्थनगर में 12वीं तक के स्कूल आज बंद हैं। 29 जिलों में आज ओले और बारिश का अलर्ट है। इस दौरान 20-30km की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के बाद पारा 3-4 डिग्री तक गिर सकता है। पूरी खबर पढ़ें...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0