वर्ल्ड अपडेट्स:ब्रिटेन में भारतवंशी नेता सुएला ब्रेवरमैन ने कंजरवेटिव पार्टी छोड़ी, कट्टर दक्षिणपंथी नाइजल फराज की पार्टी में शामिल

Jan 27, 2026 - 11:58
 0  0
वर्ल्ड अपडेट्स:ब्रिटेन में भारतवंशी नेता सुएला ब्रेवरमैन ने कंजरवेटिव पार्टी छोड़ी, कट्टर दक्षिणपंथी नाइजल फराज की पार्टी में शामिल
ब्रिटेन की पूर्व गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने सोमवार को कंजर्वेटिव पार्टी छोड़कर आप्रवासन-विरोधी पार्टी रिफॉर्म यूके पार्टी जॉइन कर ली। उन्होंने कहा कि वे अब टोरी पार्टी को “अलविदा” कह रही हैं, क्योंकि कंजर्वेटिव सरकार के दौर में इमिग्रेशन पूरी तरह “काबू से बाहर” हो गया है। 45 साल की ब्रेवरमैन दक्षिणी इंग्लैंड के फेयरहैम और वॉटरलूविल से सांसद हैं और गोवा मूल की हैं। उन्होंने सार्वजनिक तौर पर बताया कि उन्होंने कंज़र्वेटिव पार्टी की 30 साल पुरानी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। लंदन में हुए एक कार्यक्रम में रिफॉर्म यूके के नेता नाइजेल फराज ने उनका स्वागत किया। ब्रेवरमैन अब उन बड़े कंजर्वेटिव नेताओं में शामिल हो गई हैं, जिन्होंने फाराज की पार्टी का दामन थामा है। उनसे पहले पूर्व मंत्री रॉबर्ट जेनरिक और नदीम जहावी भी रिफॉर्म यूके में जा चुके हैं। इसके साथ ही कंजर्वेटिव पार्टी से रिफॉर्म यूके में जाने वाले सांसदों की संख्या 8 हो गई है। पार्टी छोड़ने के बाद ब्रेवरमैन ने कहा, “ब्रिटेन टूट चुका है। देश तकलीफ में है, ठीक नहीं है। इमिग्रेशन काबू से बाहर है, सार्वजनिक सेवाएं चरमरा गई हैं, लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते और हमारे युवा बेहतर भविष्य की तलाश में देश छोड़कर जा रहे हैं।” ब्रेवरमैन ने फराज की तारीफ करते हुए कहा कि ब्रिटिश राजनीति में सिर्फ एक ही ऐसा व्यक्ति है जो अपने देश के लिए लगातार साहस के साथ खड़ा रहा है, और वह व्यक्ति नाइजेल फराज हैं। कंजर्वेटिव पार्टी के भीतर ब्रेवरमैन को कट्टर दक्षिणपंथी धड़े का बड़ा चेहरा माना जाता रहा है। वे पहले पार्टी नेतृत्व का चुनाव भी लड़ चुकी हैं। पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन, लिज ट्रस और ऋषि सुनक ने उन्हें अपनी सरकार की टॉप लीडरशिप में शामिल किया था। विवादों से उनका पुराना नाता रहा है। उन्हें दो बार गृह मंत्री पद से हटाया गया। पहली बार लिज ट्रस के कार्यकाल में मंत्री आचार संहिता के उल्लंघन पर और दूसरी बार पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के दौर में विवादित मीडिया टिप्पणियों की वजह से। इजराइल ने गाजा से आखिरी बंधक का शव बरामद किया, कब्र खोदकर पुलिस का शव निकाला इजरायल की सेना ने सोमवार को घोषणा की कि गाजा में अंतिम बंधक का शव बरामद कर लिया गया है। बंधकों की खोज के लिए इजराइली सेना कई दिनों से ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान कब्रिस्तान से पुलिस अधिकारी रान गिविली का शव मिला। इसके साथ ही इजराइल और हमास के बीच लागू युद्धविराम के अगले चरण की प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि गिविली 7 अक्टूबर 2023 को हमास के नेतृत्व वाले हमले में मारे गए थे, जिसने युद्ध की शुरुआत की थी। गिविली उन पहले लोगों में शामिल थे, जिन्हें गाजा ले जाया गया था। सभी बंधकों को वापस लाने का वादा पूरा किया गया है। गिविली के परिवार ने पहले सरकार से अपील की थी कि उनके शव की बरामदगी से पहले युद्धविराम के दूसरे चरण में प्रवेश न किया जाए। हमास ने कहा है कि वह युद्धविराम के पहले चरण की सभी शर्तों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर कहा कि आखिरी बंधक के शव की वापसी मध्य पूर्व में शांति की दिशा में अहम कदम है। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा कि यह अमेरिका, इजरायल और पूरी दुनिया के लिए बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि है। इससे मध्य-पूर्व में शांति की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि गाजा के पुनर्निर्माण के संबंध में नवगठित शांति बोर्ड में शामिल होने के लिए 20 से अधिक नए देशों ने भी हस्ताक्षर किए हैं, जो राष्ट्रपति के लिए एक और ऐतिहासिक उपलब्धि है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0