UP के 68 जिलों में घना कोहरा,चंडीगढ़ में विजिबिलिटी जीरो:MP के 31 शहरों में पारा 10º से नीचे; झारखंड के मैक्लुस्कीगंज में तापमान 1.7º

Dec 27, 2025 - 10:45
 0  1
UP के 68 जिलों में घना कोहरा,चंडीगढ़ में विजिबिलिटी जीरो:MP के 31 शहरों में पारा 10º से नीचे; झारखंड के मैक्लुस्कीगंज में तापमान 1.7º
हिमालय में लगातार हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। यूपी के 68 जिलों में घना कोहरा छाया है। इसके चलते 10 मीटर तक देखना भी मुश्किल हो रहा है। वहीं, मध्य प्रदेश के 31 शहरों पारा 5º से 8º के बीच रिकॉर्ड किया गया। झारखंड के मैक्लुस्कीगंज में पारा 1.7º पर पहुंच गया। जबकि गुमला में 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया। यहां पारा 2.8º तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को यूपी के 68 जिलों शीतलहर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कोहरा इतना घना होगा कि विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच सकती है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, बिहार के कई शहरों में तापमान 10º से नीचे दर्ज किया गया। कोहरे के कारण ट्रेनें लेट चल रही हैं। कई एयरलाइन्स ने फ्लाइट्स कैंसिल कर दी हैं। बिहार में 30 दिसंबर तक कक्षा 8 तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। हिमालयी राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड के 6 जिलों में भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। 30-31 दिसंबर को उत्तरकाशी और चमोली में बर्फबारी के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश में 30 दिसंबर के बाद बर्फबारी हो सकती है। न्यू ईयर से पहले वहां वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने के चलते चेतावनी जारी की गई है। देश में मौसम से जुड़ी 6 तस्वीरें... फ्लाइट्स का हाल... चंडीगढ़ एयरपोर्ट से एक फ्लाइट कैंसिल, कई लेट कोहरे का असर चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर आने और जाने वाली फ्लाइट में पड़ा है। 5:55 पर पुणे से आने वाली फ्लाइट लेट हुई। इसके अलावा 7:15 पर जयपुर से आने वाली फ्लाइट को जयपुर की तरफ डायवर्ट कर दिया गया। 7:30 पर बेंगलुरु से आने वाली फ्लाइट को जयपुर की तरफ डायवर्ट किया गया है। 7:45 पर अबू धाबी से आने वाली फ्लाइट देरी हुई है। इसी तरह चंडीगढ़ से सुबह 5:45 पर दिल्ली जाने वाली फ्लाइट कैंसिल हुई है, जबकि 5:55 पर लखनऊ जाने वाली 7:25 पर रवाना हुई है। 9:00 बजे तक जाने वाली सभी फ्लाइट देरी से रवाना हो रही है। 28 दिसंबर: ठंडी हवाएं बढ़ाएंगी सर्दी, रातें ज्यादा सर्द राज्यों में मौसम का हाल... राजस्थान: राजस्थान में कड़ाके की सर्दी, शीतलहर से गिरा पारा, रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे राजस्थान में तेज सर्दी का दौर जारी है। करौली, पाली, फतेहपुर समेत कई शहरों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ है। जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर समेत पूर्वी और उत्तरी राजस्थान के कई जिलों में सर्द हवा चली। पूरी खबर पढ़ें... मध्य प्रदेश: MP के 31 शहरों में तापमान 10 डिग्री से कम, कोहरे ने रोकी राजधानी, मालवा-झेलम ट्रेनों की रफ्तार मध्य प्रदेश के 31 शहरों में भीषण सर्दी पड़ रही है। यहां न्यूनतम तापमान 10° सेल्सियस से नीचे है। जिन जिलों में उत्तर से बर्फीली हवाएं आ रही हैं, वहां दिन का तापमान 25 डिग्री से नीचे चल रहा है। इधर, कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार भी रोक दी है। आज भी राजधानी, झेलम, मालवा जैसी ट्रेनें तय समय से देरी से चल रही हैं। पूरी खबर पढ़ें... बिहार: पटना सबसे ठंडा, अधिकतम-न्यूनतम तापमान का अंतर 4°C, पूरे बिहार में कोल्ड डे का अलर्ट बिहार में बर्फीली हवा ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आज यानी शनिवार को 38 जिलों के लिए कोल्ड डे और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भोजपुर, बेतिया, बगहा, गोपालगंज समेत 20 से ज्यादा शहरों में सुबह घना कोहरा छाया है। विजिबिलिटी जीरो है। लोग सड़कों पर गाड़ी की लाइट जलाकर चल रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें... उत्तराखंड: उत्तराखंड के 6 जिलों में ठंड का यलो अलर्ट, दिल्ली की फ्लाइट कैंसिल हुई, 30-31 दिसंबर को बर्फबारी के आसार उत्तराखंड के 6 जिलों में आज यानी 27 दिसंबर को ठंड का यलो अलर्ट है। इसके अलावा हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून और पौड़ी के निचले इलाकों में कोहरा छाया है। बाकी जगह बादल छाए हैं। 30-31 दिसंबर और एक जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग के कुछ हिस्सों में बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। पूरी खबर पढ़ें... पंजाब: पंजाब के कई जिलों में घना कोहरा, चंडीगढ़ में विजिबिलिटी जीरो, गुरदासपुर सबसे ठंडा पंजाब और चंडीगढ़ में आज घना कोहरा छाया रहा। चंडीगढ़ में विजिबिलिटी जीरो हो गई। यह स्थिति आने वाली एक जनवरी तक बनी रहेगी। पिछले 24 घंटे में राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, जो सामान्य तापमान से 3 डिग्री अधिक रहा है। राज्य में सबसे ठंडा गुरदासपुर रहा, जहां तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। पूरी खबर पढ़ें... हरियाणा: प्रदेश में धुंध, कड़ाके की ठंड को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है; सुबह कोहरे की चेतावनी, दिन में धूप खिलेगी हरियाणा में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग की ओर से आज पूरे प्रदेश के लिए ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। करनाल, पानीपत, सोनीपत समेत अधिकतर जिलों में सुबह कोहरा छाया। हालांकि दिन के समय धूप निकलने की उम्मीद है, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। पूरी खबर पढ़ें... हिमाचल प्रदेश: हिमाचल में न्यू ईयर से पहले बदलेगा मौसम, 30 दिसंबर से तीन दिन बर्फबारी के आसार; कुफरी में 24 घंटे में 6.5 डिग्री की गिरावट हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम साफ रहेगा, लेकिन न्यू ईयर से पहले 30 दिसंबर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। खासकर 31 दिसंबर और 1 जनवरी को ज्यादा बर्फबारी होने के आसार हैं। कुफरी में तापमान में 24 घंटे में 6.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। पूरी खबर पढ़ें... छत्तीसगढ़: अंबिकापुर में 4.5° पारा, सरगुजा-जगदलपुर में घना कोहरा; 4 दिन बाद राहत के आसार, 1-3 डिग्री तक बढ़ेगा न्यूनतम तापमान छत्तीसगढ़ के सरगुजा, अंबिकापुर, जगदलपुर में सुबह के वक्त घना कोहरा छाने लगा है। मैनपाट में रात का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में 4.5 डिग्री तक गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले चार दिनों में यह 1 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। पूरी खबर पढ़ें...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0