शिवपुरी में दो बहनों और चार बच्चों की कुएं में डूबने से मौत, कुछ घंटों के अंतराल में दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
Shivpuri Tragedy: Two Sisters and Four Children Die in Separate Well Incidents Within Hours
शिवपुरी में दो बहनों और चार बच्चों की कुएं में डूबने से मौत, कुछ घंटों के अंतराल में दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में बुधवार को हुई दो दर्दनाक घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कुछ ही घंटों के अंतराल में दो सगी बहनों और उनके चार बच्चों की अलग-अलग कुओं में डूबने से मौत हो गई। पहली घटना बैराड़ थाना क्षेत्र के गूंगरगांव में हुई, जहां 35 वर्षीय अंजली रावत अपने छह वर्षीय बेटे प्रशांत के साथ कुएं में कूद गईं। अंजली आठ महीने की गर्भवती थीं। इस हादसे में मां, बेटे और गर्भ में पल रहे बच्चे की जान चली गई।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय अंजली की तीन बेटियां भी वहां मौजूद थीं। उनकी बड़ी बेटी मोनिका ने हिम्मत दिखाते हुए खुद को और अपनी दोनों छोटी बहनों को बचा लिया। इसके बाद वह घर पहुंची और परिवार को घटना की जानकारी दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और अंजली तथा प्रशांत को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। परिवार के मुताबिक, करीब डेढ़ महीने पहले सड़क दुर्घटना में पति धर्मवीर सिंह रावत की मौत के बाद से अंजली मानसिक तनाव में थीं।
पहली घटना के कुछ घंटों बाद अंजली की बड़ी बहन सीता रावत के साथ भी ऐसी ही दुखद घटना सामने आई। 40 वर्षीय सीता अपने तीन बच्चों राखी (14), प्रियंका (11) और श्लोक (6) के साथ खोंकर गांव के खेत पर गई थीं। शाम करीब छह बजे तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। खेत के पास कुएं में एक बच्चे का शव दिखाई देने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रात करीब 11 बजे सीता और उनके तीनों बच्चों के शव बाहर निकाले गए।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि दोनों बहनों के बीच गहरा लगाव था और वे अक्सर फोन पर एक-दूसरे से बातचीत करती थीं। परिजनों को आशंका है कि छोटी बहन अंजली की मौत की खबर से सीता गहरे सदमे में आ गई होंगी। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोनों घटनाओं के बीच संबंध अभी स्थापित नहीं हुआ है और अलग-अलग जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही परिस्थितियों की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी। इस घटना में छह लोगों की मौत ने दोनों परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0